-०१ अगस्त को बलराम कृषि महोत्सव का होगा आयोजन
-निराश्रित गौवंश को गौशालाओं में शिफ्ट करने के निर्देश
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने निर्देश दिए हैं कि स्कूलों में बच्चों का परिवहन करने वाले सभी वाहनों की पूरी जानकारी संकलित की जाए। साथ ही जिला शिक्षा विभाग यह भी सुनिश्चित करे कि किस वाहन से कौन-सा विद्यार्थी स्कूल आ-जा रहा है, इसका अद्यतन रिकॉर्ड रखा जाए। सोमवार को आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निराश्रित गोवंश सड़कों पर दिखाई नहीं देना चाहिए। ऐसे गोवंश को गौशालाओं में शिफ्ट किया जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जलकर वसूली पर भी विशेष जोर दिया। नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को आवारा सुअरों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में बताया गया कि 1 अगस्त को हरदा कृषि उपज मंडी में दोपहर 1 से 4 बजे तक बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन होगा। महोत्सव में किसानों के लिए विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने वाली प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण इवने सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।


