-एफआईआर नहीं हुई तो भूख हड़ताल की दी चेतावनी
अनोखा तीर, हरदा। 14 जुलाई को हुए सड़क हादसे में 4 वर्ष 10 माह की छात्रा शिवांगी जाट की मौत के मामले में अब परिजनों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को मृतिका के पिता राकेश जाट ने परिजनों, ग्रामीणों एवं सर्व समाज के लोगों के साथ पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर स्कूल वैन चालक के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। परिजनों ने चेतावनी दी कि सात दिन के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर वे भूख हड़ताल पर बैठेंगे और आंदोलन करेंगे। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत दर्ज करने के बजाय आरोपी स्कूल वैन चालक को ही आवेदक बनाकर प्रकरण दर्ज कर लिया। परिजनों का कहना है कि उनके बयान तक दर्ज नहीं किए गए। जब वे अपनी रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे तो पुलिस ने रिपोर्ट लेने से इनकार कर दिया। इसे उन्होंने न्याय प्रक्रिया के साथ गंभीर अन्याय बताया। ज्ञापन सौंपने के दौरान पीड़ित परिवार के साथ स्कूल के विद्यार्थियों के अभिभावक, ग्रामीण, सर्व समाज के लोग तथा श्री नर्मदा क्षेत्रीय जाट समाज विकास समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। जाट समाज विकास समिति के अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस को निष्पक्षता बरतते हुए पीड़ित पक्ष की शिकायत दर्ज करनी चाहिए। साथ ही जिले में संचालित सभी स्कूल वाहनों की नियमित जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। परिजनों ने कहा कि उन्हें केवल न्याय चाहिए। यदि सात दिन के भीतर स्कूल वैन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो परिवार भूख हड़ताल पर बैठेगा और आंदोलन करेगा।



