
अनोखा तीर, हरदा। आर्यन जनसेवा फाउंडेशन द्वारा मां रेवा गार्डन में आयोजित 24 घंटे का लाइव कराओके एवं सिंगिंग कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। हरदा जिले में पहली बार आयोजित इस अनूठे आयोजन में 100 से अधिक गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया। पूरे 24 घंटे तक संगीत की स्वर लहरियां गूंजती रहीं और बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगरपालिका अध्यक्ष भारती कमेडिया, वरिष्ठ पत्रकार प्रहलाद शर्मा एवं ज्ञानेश चौबे ने किया। कार्यक्रम में गायकों के साथ हरदा विधायक डॉ. आर. के. दोगने, सलोनी जैन, नगर मंडल अध्यक्ष नीतेश बादर, पत्रकारों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी मंच से गीत प्रस्तुत कर आयोजन को यादगार बनाया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने मंच से नशा मुक्ति का संदेश देते हुए उपस्थित लोगों को नशा न करने की शपथ दिलाई तथा युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया। समापन अवसर पर सभी सहभागी गायकों को प्रशस्ति पत्र एवं पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से पौधों का वितरण भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। टीम सदस्य जय पुजारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना था। आयोजन के लिए उत्तम तेनगुरिया ने मां रेवा गार्डन नि:शुल्क उपलब्ध कराया, जबकि दीपक नेमा ने 11 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन अंजू भायरे एवं आशीष साकल्ले ने किया। अंत में राम नेमा, कपिल यादव, मादिक रुनवाल एवं अपूर्वा नौनिहाल ने सभी कलाकारों, अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस प्रशासन, मीडिया प्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।



