-21 से 23 अगस्त तक विशेष लोक अदालत का आयोजन
अनोखा तीर, हरदा। उच्चतम न्यायालय द्वारा ‘समाधान समारोह-2026 के तहत 21 से 23 अगस्त तक विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य वर्षों से लंबित प्रकरणों का सौहार्दपूर्ण, सहमति आधारित और त्वरित निराकरण करना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव चन्द्रशेखर राठौर ने पक्षकारों से इस विशेष अवसर का लाभ उठाकर अपने लंबित मामलों का आपसी सहमति से निराकरण कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि न्याय को सरल और सुलभ बनाने के उद्देश्य से उच्चतम न्यायालय ने इस अभियान की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 से की थी, जिसका समापन 21, 22 और 23 अगस्त को आयोजित विशेष लोक अदालत के साथ होगा। विशेष लोक अदालत का आयोजन नई दिल्ली स्थित उच्चतम न्यायालय परिसर में होगा। इसमें सुप्रीम कोर्ट में लंबित ऐसे मामलों का निराकरण किया जाएगा, जिनमें समझौते की संभावना है। इनमें वैवाहिक एवं संपत्ति विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, सेवा एवं श्रम संबंधी प्रकरण शामिल हैं। सचिव राठौर ने बताया कि राज्य, जिला, तहसील और मध्यस्थता केंद्रों पर भी सुलह-प्रयास किए जाएंगे, जहां प्रशिक्षित मध्यस्थ पक्षकारों की सहायता करेंगे। पक्षकार व्यक्तिगत अथवा वर्चुअल माध्यम से भी इन बैठकों में शामिल हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि जिन मामलों की सुनवाई उच्चतम न्यायालय में लंबित है, उनके पक्षकार सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फॉर्म भरकर अपने प्रकरण को ‘समाधान समारोह-2026 में शामिल करा सकते हैं।
‘समाधान समारोह-2026 के तहत सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों का होगा त्वरित निराकरण

0 Views

