पुलिस ने 927 ग्राम गांजा के साथ युवक को किया गिरफ्तार

अनोखा तीर, हरदा। पुलिस अधीक्षक शंशाक के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा एवं एसडीओपी आकांक्षा तलया के निर्देशन में टिमरनी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की बिक्री करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक युवक को 927 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 26 जुलाई को सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 2, लाइन पार टिमरनी में एक युवक राहगीरों को गांजा बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम युवराज पिता रामप्रसाद कुचबुंदिया (24) निवासी वार्ड क्र. 2, लाइन पार, टिमरनी बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक हरे रंग के थैले में रखा 927 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस द्वारा वैध लाइसेंस एवं दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद थाना टिमरनी में अपराध 426/26 दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। बरामद गांजा विधिवत जब्त कर लिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक मुकेश गौड़, उपनिरीक्षक संतोष श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक प्रियंका पाठक, उपनिरीक्षक रामविलास करपे, प्रधान आरक्षक विजय उईके, प्रधान आरक्षक अनुप कामले, प्रधान आरक्षक राहुल, आरक्षक अर्जुन लोवंशी एवं आरक्षक सुनील की सराहनीय भूमिका रही।

0 Views

Leave a Reply