अनोखा तीर, हरदा। अष्टाह्निका पर्व के अवसर पर हरदा स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में श्री नंदीश्वर द्वीप मंडल विधान श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। विधान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर धर्म आराधना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। रविवार को आयोजन के पांचवें दिन प्रात: भगवान श्रीजी का रिद्धि-सिद्धि मंत्रों के साथ अभिषेक किया गया। इसके बाद विधि-विधानपूर्वक श्री नंदीश्वर द्वीप मंडल विधान संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर धर्म लाभ अर्जित किया। जैन समाज के कोषाध्यक्ष राजीव जैन ने बताया कि जैन धर्म में श्री नंदीश्वर द्वीप मंडल विधान का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। यह विधान अष्टाह्निका पर्व के दौरान आयोजित किया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नंदीश्वर द्वीप पर 52 शाश्वत अकृत्रिम जिनालय विराजमान हैं, जहां देवगण भगवान जिनेंद्र की पूजा करते हैं। मनुष्य लोक में श्रद्धालु मंडल विधान के माध्यम से उन्हीं शाश्वत जिनालयों की भावपूर्वक आराधना करते हैं। उन्होंने बताया कि इस विधान के अनुष्ठान से पापकर्मों का क्षय, सम्यक दर्शन की प्राप्ति और मोक्ष मार्ग की ओर अग्रसर होने का पुण्य प्राप्त होता है। मंदिर परिसर में प्रतिदिन समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे उत्साहपूर्वक भाग लेकर भक्ति का वातावरण बना रहे हैं।
श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में श्रद्धा-भक्ति से चल रहा श्री नंदीश्वर द्वीप मंडल विधान

0 Views




