-चार दिवसीय संकुल स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न
अनोखा तीर, हरदा। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत हरदा जिले को पूर्ण साक्षर बनाने के उद्देश्य से 22 से 25 जुलाई तक जनपद पंचायत हरदा के सभागार में चार दिवसीय विकासखंड स्तरीय संकुल प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण विकासखंड स्रोत समन्वयक नारायण प्रसाद नायरे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में ग्राम नोडल अधिकारी, संस्था प्रमुख, जनशिक्षक, संकुल सह-समन्वयक एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने भाग लिया। जिला सह-समन्वयक मुकेश शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षर नागरिक को पढ़ना-लिखना और गणना सिखाकर मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए गांव और वार्ड स्तर पर असाक्षरों की पहचान, सर्वेक्षण, पंजीयन, अध्ययन, मूल्यांकन और परीक्षा की प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को एप एवं पोर्टल के संचालन, ऑनलाइन पंजीयन, शिक्षार्थियों एवं अक्षर साथियों के पंजीकरण, अध्ययन केंद्र संचालन, प्रगति अद्यतन तथा परीक्षा मॉड्यूल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही कक्षा 9वीं से 12वीं एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों को अधिक से अधिक अक्षर साथी बनाकर अभियान से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। समापन अवसर पर सभी अधिकारियों, शिक्षकों, जनशिक्षकों, संकुल समन्वयकों एवं अक्षर साथियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए हरदा जिले को पूर्ण साक्षर बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।





