स्वदेशी का ब्रह्मास्त्र ही आर्थिक युद्ध में विजय का मूलाधार : पाराशर

-स्वदेशी जागरण मंच की बैठक में कारगिल शहीदों को दी श्रद्धांजलि
-एक लाख लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य

अनोखा तीर, हरदा। स्वदेशी जागरण मंच की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में आर्थिक युद्ध की परिस्थितियों में स्वदेशी का ब्रह्मास्त्र ही देश की विजय का मूलाधार है। बैठक के अंत में कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. एल.एन. पाराशर ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल शहीदों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए स्वयं को समर्पित करने का संकल्प दिवस भी है। उन्होंने कहा कि आज युद्ध केवल सीमाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यापारिक कूटनीति के माध्यम से विकासशील देशों की अर्थव्यवस्था को प्रभावित करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में स्वदेशी अपनाना सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त से 20 अगस्त तक स्वदेशी जागरण मंच द्वारा देशव्यापी अभियान ‘मैं भी स्वदेशी समर्थक हूंÓ चलाया जाएगा। इसके तहत जिले के हाईस्कूल एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, व्यापारियों, ग्राम पंचायतों, विभिन्न संगठनों तथा आम नागरिकों को स्वदेशी के प्रति जागरूक कर जिले में लगभग एक लाख लोगों को स्वदेशी समर्थक बनने का संकल्प दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रांतीय अधिकारी रविलाल पटेल के व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर आयोजित बैठक में नरेंद्र भांबू, नरेंद्र राठी, ओमप्रकाश राठौड़, महेंद्र पटेल, विपिन अग्रवाल तथा योगमाया शर्मा ने अभियान को सफल बनाने के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में कारगिल के शहीदों एवं सैनिकों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

0 Views

Leave a Reply