खाटू श्याम मंदिर में निशान अर्पण, महाआरती में उमड़ा आस्था का सैलाब

-देवशयनी एकादशी पर मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भजन-कीर्तन से गूंजा शहर


अनोखा तीर, हरदा। देवशयनी एकादशी का पर्व शनिवार को जिलेभर में श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। भगवान श्रीहरि विष्णु के 119 दिनों के लिए योगनिद्रा में जाने के साथ ही चातुर्मास का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर जिले के विष्णु, लक्ष्मीनारायण, श्रीकृष्ण एवं खाटू श्याम मंदिरों में सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिरों में भगवान का विशेष श्रृंगार, विष्णु सहस्रनाम पाठ, पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन, महाआरती एवं महाप्रसादी वितरण के आयोजन हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु से परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। देवशयनी एकादशी के अवसर पर शहर के खेड़ीपुरा सहित विभिन्न मोहल्लों में महिलाओं ने घर-घर भजन संध्या का आयोजन किया। भगवान विष्णु, श्रीकृष्ण एवं तुलसी माता के भजनों का सामूहिक गायन करते हुए श्रद्धालुओं ने चातुर्मास के शुभारंभ का स्वागत किया। दिनभर धार्मिक आयोजनों के चलते शहर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। प्रताप सिटी कॉलोनी स्थित खाटू श्याम मंदिर में देवशयनी एकादशी का विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर को आकर्षक फूलों एवं मनमोहक विद्युत सज्जा से सजाया गया। बाबा श्याम का भव्य पुष्प श्रृंगार कर विशेष पूजन-अर्चन किया गया। सुबह से देर रात तक दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। बड़ी संख्या में भक्तों ने बाबा श्याम को श्रद्धापूर्वक निशान अर्पित किए। शाम को आयोजित भव्य महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक साथ शामिल होकर जयकारों के बीच आरती की। भजन-कीर्तन की मधुर प्रस्तुतियों से मंदिर परिसर भक्तिरस में डूब गया। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की गई। पूरे दिन चले धार्मिक आयोजनों ने देवशयनी एकादशी को जिले में आस्था और भक्ति के महापर्व के रूप में यादगार बना दिया।

0 Views

Leave a Reply