-भक्तिमय माहौल में सराबोर होगा शहर
अनोखा तीर, हरदा। अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ इस्कॉन हरदा द्वारा आज, 26 जुलाई रविवार को भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा महारानी की भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली जाएगी। दोपहर 2 बजे गुर्जर बोर्डिंग से प्रारंभ होने वाली इस रथ यात्रा को लेकर पूरे नगर में उत्साह और भक्ति का वातावरण है। आकर्षक रथ पर विराजमान भगवान के दर्शन के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचेंगे। नगर के प्रमुख मार्गों पर हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और जय श्री जगन्नाथ के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय हो उठेगा। रथ यात्रा गुर्जर बोर्डिंग से प्रारंभ होकर चैतन्य नेत्रालय, सनफ्लावर स्कूल, श्री परशुराम चौक, चांडक चौराहा होते हुए गुप्तेश्वर मंदिर पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भगवान का पुष्पवर्षा, आरती एवं भव्य स्वागत किया जाएगा। यात्रा के प्रारंभ एवं समापन पर भगवान को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे तथा भव्य महाआरती होगी। संपूर्ण यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण, हरिनाम संकीर्तन, भक्ति नृत्य एवं विशेष कथा का आयोजन भी रहेगा। इस्कॉन हरदा के श्रीमान हेमांग निमाई प्रभु जी ने बताया कि सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा महारानी के विग्रहों का विशेष श्रृंगार किया गया है तथा भव्य रथ को आकर्षक एवं पारंपरिक स्वरूप दिया गया है। रथ यात्रा की तैयारियों में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक सेवा दी है। उन्होंने नगर एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ के दिव्य दर्शन, हरिनाम संकीर्तन, महाआरती एवं महाप्रसाद का लाभ लेने की अपील की है।





