पुलिस लाइन में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर

-नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
अनोखा तीर, हरदा। पुलिस लाइन में शनिवार नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के तहत नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य पुलिसकर्मियों, उनके परिवारजनों तथा ग्राम एवं नगर रक्षा समिति के सदस्यों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। शिविर में डॉ. अंशुम राठी अस्थि रोग विशेषज्ञ, डॉ. शैली माहेश्वरी हृदय रोग विशेषज्ञ एवं डॉ. आदर्श शुक्ला जनरल फिजिशियन ने पुलिसकर्मियों, उनके परिजनों तथा ग्राम एवं नगर रक्षा समिति के सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार संबंधी सलाह दी। महिला हितग्राहियों के लिए स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. येशली ठाकुर ने विशेष व्यवस्था की। उन्होंने स्त्री रोग संबंधी परामर्श की आवश्यकता वाली महिलाओं को शाम 5 बजे बघेल हॉस्पिटल में नि:शुल्क परामर्श उपलब्ध कराने की जानकारी दी। चिकित्सकों ने नशे के शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए संतुलित जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने, पौष्टिक आहार लेने तथा नशे से पूरी तरह दूर रहने की सलाह दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ पुलिस बल ही समाज को बेहतर सुरक्षा प्रदान कर सकता है। उन्होंने सभी से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज में भी स्वास्थ्य एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक (महिला सेल) अरुणा सिंह, रक्षित निरीक्षक रजनी गुर्जर सहित हरदा पुलिस लाइन के पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिवारजन तथा ग्राम एवं नगर रक्षा समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply