‘डू इट यूअर सेल्फ कार्यशाला में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने वेस्ट मटेरियल से बनाए खिलौने

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देशन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में परियोजना हरदा शहरी में शुक्रवार को ‘डू इट यूअरसेल्फ आधारित खिलौना निर्माण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खेल आधारित एवं बाल-अनुकूल वातावरण तैयार करना तथा कम लागत में शिक्षण सामग्री बनाकर सीखने की प्रक्रिया को रोचक और प्रभावी बनाना है। कार्यशाला में सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को वेस्ट मटेरियल से खिलौने एवं शिक्षण सामग्री तैयार करना सिखाया गया। पुराने कपड़े, रूई, कागज, गत्ता, थर्माकोल, लकड़ी एवं मिट्टी का उपयोग कर बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के खिलौने एवं शिक्षण सामग्री बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक मुखौटे, सांप-सीढ़ी, गाड़ी, आंगनवाड़ी, स्कूल, घर तथा गिनती और अक्षर ज्ञान से संबंधित कार्ड तैयार किए। प्रभारी परियोजना अधिकारी भारती भल्लावी ने सभी प्रतिभागियों को आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को प्रतिदिन नियमित रूप से शाला पूर्व अनौपचारिक शिक्षा देने तथा खेल-खेल में सीखने की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को केंद्रों में ईसीसीई कॉर्नर विकसित करने तथा स्वयं तैयार किए गए खिलौनों के माध्यम से बच्चों को शिक्षण गतिविधियां कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्रभारी परियोजना अधिकारी भारती भल्लावी, पर्यवेक्षक पूजा चौहान, रेखा गौर सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply