वर्षाकाल में मध्यान्ह भोजन की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें

-सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी अपडेट करें : कलेक्टर
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने वर्षाकाल के दौरान स्कूलों में विद्यार्थियों को वितरित किए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की स्वच्छता एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भोजन स्वच्छ होने के साथ अच्छी गुणवत्ता का भी होना चाहिए। इसके अलावा स्कूलों में पेयजल की शुद्धता भी सुनिश्चित की जाए। शुक्रवार को प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना (एमडीएम) की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि स्कूलों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। संबंधित जनशिक्षक अपने क्षेत्र के विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करें और यह देखें कि कोई भी विद्यार्थी अनावश्यक रूप से अनुपस्थित न रहे। बैठक में उन्होंने मध्यान्ह भोजन के लिए खाद्यान्न उठाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी शालाओं में समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मध्यान्ह भोजन निर्माण से जुड़े सभी रसोइयों की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराने तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी को नियमित रूप से विद्यालयों में भोजन के सैंपल लेने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन के लिए बर्तन क्रय की स्थिति एवं उनके उपयोगिता प्रमाण-पत्र की जानकारी भी ली। उन्होंने सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी शीघ्र अपडेट करने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित जनशिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण इवने, जिला शिक्षा अधिकारी डी.एस. रघुवंशी, जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केंद्र गरिमा टोप्पो सहित शिक्षा विभाग के मैदानी अधिकारी उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply