फुलड़ी एवं धनगांव में विधिक साक्षरता एवं जागरुकता शिविर आयोजित

अनोखा तीर, हरदा। म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में शुक्रवार को शासकीय प्राथमिक शाला फुलड़ी एवं शासकीय हाई स्कूल धनगांव में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चन्द्रशेखर राठौर ने छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों एवं महिलाओं को विभिन्न विधिक विषयों की जानकारी दी। उन्होंने भरण-पोषण के अधिकार, महिलाओं के संवैधानिक एवं विधिक अधिकार, पीड़ित प्रतिकर योजना, बच्चों को गुड टच एवं बैड टच की पहचान, वरिष्ठ नागरिकों के संरक्षण एवं कल्याण संबंधी योजनाएं, दहेज प्रतिषेध कानून, यौन अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधान, पात्र व्यक्तियों को मिलने वाली नि:शुल्क विधिक सहायता, साइबर फ्रॉड से बचाव तथा लोक अदालतों के माध्यम से त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण विवाद निस्तारण की जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, नालसा एवं सालसा की नि:शुल्क विधिक सहायता योजनाओं तथा विभिन्न शासकीय कल्याणकारी योजनाओं से भी अवगत कराया। साथ ही नशे की लत से दूर रहकर नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। शिविर में बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। पात्र व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा में आवेदन देकर, पत्राचार के माध्यम से, नालसा पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर अथवा नालसा की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 पर संपर्क कर विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान साइबर अपराधों से बचाव के लिए डिजिटल सतर्कता अपनाने, व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल शिकायत करने की सलाह भी दी गई। उपस्थित लोगों ने शिविर को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन करने की आवश्यकता जताई। कार्यक्रम के समापन पर ग्राम धनगांव में प्रशिक्षिका रीना नायर द्वारा प्रशिक्षित बच्चों को प्रमाण-पत्र, टी-शर्ट एवं चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही उन्हें नियमित शिक्षा ग्रहण करने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में अभिभावकों एवं संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में ग्राम पंचायत सचिव, ग्रामीणजन, पैरालीगल वालंटियर शौकत खान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply