-पार्षद ने एसडीएम व सीएमओ को सौंपा पत्र
अनोखा तीर, टिमरनी। नगर परिषद के वार्ड 6 के पार्षद सुनील दुबे ने ब्रिज निर्माण के कारण अधूरे पड़े पेयजल पाइपलाइन विस्तार कार्य को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) के नाम तहसीलदार एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। पार्षद ने पत्र में बताया कि 12 जुलाई 26 को ब्रिज निर्माण के दौरान पेयजल पाइपलाइन विस्तार कार्य का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण में पाया गया कि कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। इस पर तत्कालीन एसडीएम ने निर्माण एजेंसी को तीन दिवस के भीतर निर्धारित मापदंड के अनुसार पाइपलाइन डालने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही 14 जुलाई 26 को पत्र क्रमांक 1348/जल प्रदाय/2026 के माध्यम से निर्माण एजेंसी को नोटिस भी जारी किया गया था। उन्होंने बताया कि इसके बावजूद अब तक निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य में कोई प्रगति नहीं की गई है और पाइपलाइन विस्तार का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। पार्षद सुनील दुबे ने अपने पत्र के साथ 15 जुलाई को मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए गए आवेदन की प्रति, निर्माण एजेंसी को जारी नोटिस की प्रति तथा समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार की प्रतियां भी संलग्न की हैं। उन्होंने एसडीएम से संबंधित निर्माण एजेंसी को शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश जारी करने का आग्रह किया है, ताकि वार्डवासियों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।
पेयजल पाइपलाइन विस्तार कार्य पूरा कराने की मांग

0 Views



