-स्कूल-कॉलेजों में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी छात्रवृत्ति
अनोखा तीर, हरदा। प्रदेश में 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व के रूप में व्यापक स्तर पर मनाई जाएगी। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने परिपत्र जारी कर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, पॉलिटेक्निक कॉलेजों तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में मां सरस्वती एवं महर्षि सांदीपनि के चित्र पर माल्यार्पण, सरस्वती वंदना, गुरुजनों का स्वागत-सम्मान, व्याख्यान, उद्बोधन तथा छात्र-शिक्षक संवाद सहित विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संस्कृति विभाग द्वारा महर्षि सांदीपनि के जीवन पर आधारित ई-एल्बम, बुकलेट एवं उनका मानक चित्र उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण की 64 कलाओं एवं 14 विद्याओं पर केंद्रित भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी। योजना के तहत प्रदेश के 102 मेधावी छात्र-छात्राओं, जिनमें 51 स्कूल तथा 51 कॉलेज एवं विश्वविद्यालय स्तर के विद्यार्थी शामिल होंगे, को एकमुश्त एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। आमजन को अपने शैक्षणिक एवं आध्यात्मिक गुरुजनों के सम्मान में छात्रवृत्ति, पदक अथवा पुरस्कार स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही अपने गुरु के नाम पर पौधरोपण, स्वास्थ्य शिविर एवं अन्य सामाजिक गतिविधियां आयोजित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व के कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा तथा जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रमों के फोटोग्राफ, वीडियो एवं समाचार पत्रों की प्रतियां संस्कृति विभाग अंतर्गत श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, भोपाल को भेजने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए हैं।
गुरु पूर्णिमा 29 जुलाई को

0 Views



