दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 हेतु आवेदन आमंत्रित

अनोखा तीर, हरदा। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा वर्ष 2026 के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 (नेशनल अवार्ड्स फॉर एम्पावरमेंट ऑफ पर्सन्स विद डिसएबिलिटीज) हेतु ऑनलाइन नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। यह पुरस्कार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार, प्रतिभा एवं प्रेरणादायी उपलब्धियों के लिए प्रदान किया जाने वाला देश का सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान है। जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने जिले के सभी पात्र दिव्यांगजन, प्रतिभाशाली बालक-बालिकाओं तथा इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही संस्थाओं एवं व्यक्तियों से 31 जुलाई 2026 तक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। राष्ट्रीय पुरस्कार के अंतर्गत सर्वश्रेष्ठ दिव्यांगजन, श्रेष्ठ दिव्यांगजन, श्रेष्ठ सृजनशील दिव्यांग बालक-बालिका तथा दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति एवं निजी संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग कमलेश सिंह ने बताया कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। डाक अथवा अन्य किसी माध्यम से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे। व्यक्तिगत श्रेणी के आवेदकों के लिए आवेदन के साथ यूडीआईडी कार्ड अथवा दिव्यांगता प्रमाण-पत्र अपलोड करना अनिवार्य है।

0 Views

Leave a Reply