-नौ विद्यालयों के 173 खिलाड़ी ले रहे भाग
-उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए होंगे चयनित
अनोखा तीर, हरदा। नवोदय विद्यालय समिति द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं के तहत पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, चारूवा (हरदा) में 23 एवं 24 जुलाई को संकुल स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जबलपुर संकुल के नौ नवोदय विद्यालयों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी, नरसिंहपुर और हरदा सहित नौ विद्यालयों के कुल 173 प्रतिभागी शामिल हुए हैं। इनमें 73 छात्र, 64 छात्राएं तथा 16 मार्गरक्षक शिक्षक शामिल हैं। प्रतियोगिता में 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने फुर्ती, पोल डाइविंग और सिटिंग कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने रणनीति, स्फूर्ति और डाइविंग कौशल से प्रभावित किया। बालिकाओं ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। 19 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने टीम वर्क और गति का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के तीनों आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का चयन कर क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए टीम तैयार की जाएगी। प्रभारी प्राचार्य पी.पी. मिश्रा ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए सभी खिलाड़ियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। शारीरिक शिक्षक अभिषेक यादव एवं मंजुलता कुशवाहा ने प्रतियोगिता की व्यवस्थाएं एवं दस्तावेजी कार्य संभाला। आयोजन में अभिलाष खडसे, डॉ. मुकेश जैन, साकेत सिंह दांगी, बी.के. झोड़, डॉ. पूर्णिमा राजपूरा सहित अन्य शिक्षकों का सहयोग रहा।




