-आवास निर्माण में तेजी लाने के दिए निर्देश

अनोखा तीर, हरदा। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ जोनाथन ने गुरुवार को ग्राम पंचायत साल्याखेड़ी के ग्राम जोगा, उंढाल, साल्याखेड़ी तथा ग्राम पंचायत नयापुरा के ग्राम नयापुरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तृतीय किश्त प्राप्त कर चुके हितग्राहियों से चर्चा कर आवास निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हितग्राहियों की समस्याएं सुनकर आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। साथ ही ग्राम में अप्रारंभ आवासों एवं प्लिंथ स्तर तक पहुंचे आवासों के संबंध में ग्राम रोजगार सहायकों को लंबी अवधि के मस्टर रोल जारी करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। ग्राम जोगा के माध्यमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने शिक्षकों की अनुपस्थिति तथा समय-सारणी के अनुसार मध्यान्ह भोजन नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत के सीईओ, सहायक यंत्री, परियोजना अधिकारी, उपयंत्री सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




