-25 सदस्यीय समन्वय समिति गठित
-27 जुलाई को भोपाल घेराव में शामिल होंगे किसान
-गांव-गांव चलाया जाएगा सदस्यता अभियान
अनोखा तीर, हरदा। आम किसान यूनियन की बैठक गुरुवार को कृषि उपज मंडी हरदा में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने तथा किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर रणनीति तैयार करने के लिए 25 सदस्यीय समन्वय समिति का गठन किया गया। समिति आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेगी और किसान हित से जुड़े निर्णय सामूहिक रूप से लिए जाएंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि 27 जुलाई को संयुक्त किसान मोर्चा के भोपाल घेराव के आह्वान पर आम किसान यूनियन के कार्यकर्ता एवं किसान सैकड़ों वाहनों के साथ नर्मदापुरम पहुंचेंगे। वहां से किसान पैदल मार्च करते हुए भोपाल के लिए रवाना होंगे। इसके अलावा 10 अगस्त से 10 सितंबर तक जिले के प्रत्येक गांव में आम किसान यूनियन की ग्राम इकाइयों के गठन का अभियान चलाया जाएगा, ताकि संगठन को गांव स्तर तक मजबूत किया जा सके।




