पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में विज्ञान आधारित करियर पर हुआ मार्गदर्शन

-विद्यार्थियों को रोजगार, स्वरोजगार और विज्ञान आधारित स्टार्टअप के अवसरों की दी जानकारी

अनोखा तीर, हरदा। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय, हरदा में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत विज्ञान आधारित रोजगार एवं स्वरोजगार विषय पर विशेष करियर मार्गदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. देवेंद्र कुमार रोडगे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रितेश बागोरा, कृषि विज्ञान केंद्र हरदा ने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र में उपलब्ध करियर के अवसरों, अनुसंधान, नवाचार, प्रयोगशालाओं तथा तकनीकी उद्योगों में संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विज्ञान आधारित स्टार्टअप, लघु उद्योगों और वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करने वाली शासकीय योजनाओं के साथ-साथ आईसीएआर और आईसीएमआर जैसी संस्थाओं की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दूसरे चरण में महान स्वतंत्रता सेनानी बाल गंगाधर तिलक एवं चंद्रशेखर आजाद की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। प्राचार्य डॉ. देवेंद्र रोडगे ने दोनों राष्ट्रनायकों के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन रीना मालवीय ने किया, जबकि आभार मनीषा चौहान ने व्यक्त किया। इस अवसर पर अजय कुमार बिलारे, आयुषी सिसोदिया सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।

0 Views

Leave a Reply