23 दिन बाद भी कर्मचारियों की मांगों पर कार्रवाई नहीं

– कांग्रेस करेगी सद्बुद्धि हवन  
-7 दिन में समाधान नहीं हुआ तो नगर पालिका परिसर में करेंगे चरणबद्ध आंदोलन
अनोखा तीर, हरदा। नगर पालिका परिषद हरदा के नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी ने आरोप लगाया है कि नगर पालिका कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 30 जून को कलेक्टर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) और नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन 23 दिन बाद भी किसी भी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के स्थायी, दैनिक वेतनभोगी, संविदा एवं अन्य कर्मचारियों का दो माह का वेतन लंबित है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। साथ ही कर्मचारियों ने शिकायत की है कि अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखने पर उन पर दबाव बनाया जाता है और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। अमर रोचलानी ने बताया कि कर्मचारियों के नियमितीकरण, लंबित वेतन एवं एरियर का भुगतान, सातवें वेतनमान का लाभ, समान कार्य के लिए समान वेतन, सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, रिक्त पदों पर भर्ती तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित देयों के भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर 23 जुलाई को कलेक्टर एवं सीएमओ को पुन: स्मरण-पत्र सौंपा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्षद नगर पालिका परिसर में कलेक्टर, सीएमओ एवं नगर पालिका अध्यक्ष को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना के उद्देश्य से सद्बुद्धि हवन करेंगे। इसके बाद चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

0 Views

Leave a Reply