30 जुलाई को नगर परिषद के खिलाफ कांग्रेस का विशाल धरना-प्रदर्शन

-भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं का लगाया आरोप
अनोखा तीर, खिरकिया। नगर परिषद खिरकिया की कार्यप्रणाली, कथित भ्रष्टाचार और शहर की मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस ने 30 जुलाई को विशाल धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। यह प्रदर्शन छीपाबड़ स्थित महाराणा प्रताप चौक पर आयोजित होगा, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। युवा कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष भूपेंद्र राजपूत ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि नगर परिषद का कार्यकाल चार वर्ष पूर्ण कर चुका है, लेकिन इस दौरान शहर में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार होने के बावजूद नगर परिषद नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि छीपाबड़ तालाब के सौंदर्यीकरण पर लगभग 65 लाख रुपये खर्च किए गए, लेकिन मौके पर अपेक्षित कार्य दिखाई नहीं देते। वहीं, खिरकिया के प्राचीन गौमुख के सौंदर्यीकरण को नगर परिषद अध्यक्ष का ड्रीम प्रोजेक्ट बताया गया था, लेकिन अब तक वहां भी अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो सके। उन्होंने इन परियोजनाओं में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। भूपेंद्र राजपूत ने नगर परिषद पर दूषित पेयजल आपूर्ति, खराब सड़कों, अधूरी नालियों, सफाई व्यवस्था की बदहाली तथा अन्य नागरिक समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि नगर परिषद की निष्क्रियता का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि 30 जुलाई को आयोजित धरना-प्रदर्शन में विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं, नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।

0 Views

Leave a Reply