अनोखा तीर, हरदा। राष्ट्रप्रेम, एकता एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से मिशन हैप्पी हरदा के अंतर्गत डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर, मॉडल पब्लिक हायर सेकेंड्री स्कूल, शासकीय लाल विद्यालय, शासकीय महात्मा गांधी विद्यालय, संस्कार विद्या निकेतन, गौरव विद्या निकेतन (बालागांव), मां नर्मदा विद्या मंदिर, पिनेकल अकादमी तथा महर्षि को-एड स्कूल सहित जिले के अनेक विद्यालयों में प्राचार्यों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास, तिरंगे के तीनों रंगों के महत्व, अशोक चक्र के संदेश, संविधान के प्रति सम्मान तथा नागरिकों के मूल कर्तव्यों की जानकारी दी गई। साथ ही राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, ईमानदारी, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालयों में भाषण, वाद-विवाद, चित्रकला, पोस्टर निर्माण एवं स्लोगन लेखन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए तिरंगे के सम्मान, भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। इस अवसर पर साहित्यकार एवं समाजसेवी ज्ञानेश चौबे ने कहा कि यदि प्रत्येक विद्यार्थी तिरंगे का सम्मान, संविधान के प्रति आस्था तथा अपने नागरिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प ले, तो भारत एक विकसित, संस्कारित, आत्मनिर्भर एवं विश्व का नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बन सकता है। रामन क्षेत्रीय संसाधन के क्षेत्रीय प्रबंधक उमेश शर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के वीरों के त्याग, बलिदान, स्वाभिमान और एकता का अमर प्रतीक है। इसके सम्मान में उठाया गया प्रत्येक कदम राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक सशक्त योगदान है।
राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस पर विद्यालयों में हुए प्रेरणादायी कार्यक्रम

0 Views




