
अनोखा तीर, हरदा। श्री दिगंबर जैन समाज, हरदा द्वारा अष्टान्हिका महापर्व के पावन अवसर पर अतिशयकारी श्री शांतिनाथ भगवान के समोशरण की आराधना स्वरूप श्री नंदीश्वर द्वीप विधान का भव्य शुभारंभ मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। यह विधान आगामी आठ दिनों तक प्रतिदिन आयोजित होगा। विधान का शुभारंभ प्रात: नित्याभिषेक एवं शांतिधारा से हुआ। इसके बाद ध्वजारोहण, सकलीकरण, पात्र शुद्धि, मंडल शुद्धि तथा मंगल कलश स्थापना के साथ विधान पूजन प्रारंभ हुआ। मंदिर परिसर भगवान शांतिनाथ के जयघोष, भक्ति गीतों एवं धार्मिक अनुष्ठानों से भक्तिमय हो उठा। समाज के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन एवं सचिव राहुल जैन ने बताया कि ध्वजारोहण का सौभाग्य अशोककुमार, अभय एवं आलोक बड़जात्या परिवार को प्राप्त हुआ। सौधर्म इंद्र बनने का सौभाग्य अजीत अजमेरा तथा कुबेर इंद्र बनने का सौभाग्य महेंद्रकुमार अजमेरा को मिला। महायज्ञानायक बनने का सौभाग्य हेमंत जैन को प्राप्त हुआ। मंगल कलश स्थापना का सौभाग्य पवन एवं अनुलेखा सिंघई को मिला। वहीं कलश स्थापना का सौभाग्य प्रियंका जैन, किरण फणिश, मंजू बजाज एवं रानी रपरिया को प्राप्त हुआ। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलन में भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूजन-विधान सामग्री का सौभाग्य अभिषेक बड़जात्या, रागिनी बड़जात्या, अनुलेखा सिंघई, उषा बड़जात्या, सरोज बड़जात्या, छगनलाल-संजय बजाज, सुशील-रानी रपरिया, अमृतश्री परिवार तथा चंद्रप्रकाश फणिश परिवार को प्राप्त हुआ। समाज के कोषाध्यक्ष राजीव जैन ने बताया कि श्री नंदीश्वर द्वीप विधान आगामी आठ दिनों तक प्रतिदिन आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर समाज के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर विधान, पूजन एवं आराधना में सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं। आयोजन मनोज पुजारी के सानिध्य में संपन्न हो रहा है। समाज के पदाधिकारियों ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुण्यदायी विधान का लाभ लेने तथा धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता को सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया।





