बारिश में तिरपाल के सहारे हो रही मूंग की तुलाई

-सुल्तानपुर वेयरहाउस की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

अनोखा तीर, मसनगांव। शासन द्वारा किसानों से समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ 120 किलो मूंग की खरीदी की जा रही है, लेकिन सुल्तानपुर वेयरहाउस में मूलभूत सुविधाओं के अभाव से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी करने के लिए शेड या सुरक्षित प्लेटफॉर्म नहीं होने से किसान अपनी उपज को भीगने से बचाने के लिए तिरपाल से ढंककर घंटों तुलाई का इंतजार करने को मजबूर हैं। वर्षों से इसी वेयरहाउस में गेहूं, चना और मूंग की खरीदी होने के बावजूद स्थायी व्यवस्थाएं नहीं किए जाने से किसानों में नाराजगी है। क्षेत्र के सबसे बड़े सुल्तानपुर वेयरहाउस में वर्तमान में पांच समितियों के माध्यम से मूंग की खरीदी की जा रही है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में उपज लेकर पहुंच रहे हैं। बारिश शुरू होते ही उपज को सुरक्षित रखने की समस्या खड़ी हो जाती है। परिसर में न तो पर्याप्त टीन शेड है और न ही ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी करने की समुचित व्यवस्था। ऐसे में किसान अपनी मेहनत की फसल को तिरपाल से ढंककर तुलाई कराने को विवश हैं। किसानों का कहना है कि तेज बारिश होने पर उपज की गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा रहता है। कई बार तुलाई की प्रक्रिया धीमी होने से उन्हें घंटों तक खुले में ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ इंतजार करना पड़ता है। इससे समय की बर्बादी के साथ उपज खराब होने की आशंका भी बनी रहती है।
हर साल खरीदी, फिर भी नहीं बनी स्थायी व्यवस्था
गांगला के किसान बृजकिशोर पुनासे और कमताड़ा के किसान संजय राठौर ने बताया कि सुल्तानपुर वेयरहाउस में वर्षों से गेहूं, चना और मूंग की सरकारी खरीदी होती आ रही है। इस बार भी मूंग खरीदी के लिए पांच समितियों को केंद्र बनाया गया है, लेकिन बारिश के मौसम को देखते हुए कोई अतिरिक्त व्यवस्था नहीं की गई। किसानों का कहना है कि प्रशासन को पहले से जानकारी रहती है कि खरीदी बारिश के दौरान होगी, इसके बावजूद सुविधाओं के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए।
खाली प्लेटफॉर्म पर टीन शेड लगाने की मांग
किसानों का कहना है कि वेयरहाउस परिसर में गोदामों के सामने बने खाली प्लेटफॉर्म पर टीन शेड लगाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी करने और तुलाई की व्यवस्था आसानी से की जा सकती है। इससे उपज बारिश से सुरक्षित रहेगी और खरीदी प्रक्रिया भी सुचारु रूप से पूरी हो सकेगी। इस संबंध में सिराली वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के संचालक नरेंद्र मंडलोई ने बताया कि सुल्तानपुर वेयरहाउस पहले खरीदी केंद्र के रूप में निर्धारित नहीं था, लेकिन शासन के निर्देश के बाद यहां मूंग खरीदी की जा रही है। बाहर तुलाई करने के बाद उपज को गोदाम के अंदर स्टैक बनाकर रखा जाता है। तुलाई के लिए अलग प्लेटफॉर्म और शेड नहीं होने के कारण फिलहाल किसानों की उपज को तिरपाल से ढंककर तौला जा रहा है।
किसानों ने की तत्काल व्यवस्था की मांग
किसानों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सुल्तानपुर वेयरहाउस में तत्काल अस्थायी टीन शेड, ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी करने की व्यवस्था तथा बारिश से बचाव के अन्य आवश्यक इंतजाम किए जाएं, ताकि किसानों की उपज सुरक्षित रहे और खरीदी प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके। इससे किसानों को अनावश्यक आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी से भी राहत मिलेगी।

12 Views

Leave a Reply