जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं समस्याएं

-अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अंजली जोसेफ जोनाथन, एसडीएम रजनी वर्मा, एसडीएम अशोक डेहरिया, डिप्टी कलेक्टर असवनराम चिरामन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जनसुनवाई में ग्राम मगरधा निवासी सत्यनारायण गौर ने किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने, जबकि कायागांव निवासी दीपक चौरे ने कृषि भूमि का नक्शा दुरुस्त कर सीमांकन कराने के संबंध में आवेदन दिया। कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदारों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
हरदा के वार्ड क्रमांक 32 आजाद नगर के रहवासियों ने पट्टा और पेयजल व्यवस्था, जबकि मेजर जोशी कॉलोनी के निवासियों ने गंदे पानी की निकासी की समस्या रखी। वहीं खेड़ीपुरा निवासी रघुवीर प्रजापति ने प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किस्त दिलाने के लिए आवेदन दिया। इन मामलों में मुख्य नगर पालिका अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ग्राम गहाल निवासी कृष्णा गिनारे ने छात्रावास में प्रवेश, हरदा निवासी श्रीकिशन दुर्हान ने वृद्धावस्था पेंशन और ग्राम मोहनपुरा निवासी सुखलाल ने अधिक बिजली बिल की शिकायत की। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

0 Views

Leave a Reply