दो माह से बदहाल सिराली मार्ग, गड्ढों से हादसों का बढ़ा खतरा

अनोखा तीर, मसनगांव। ग्राम के स्टेट हाईवे तिराहे से सिराली जाने वाली सड़क पिछले करीब दो माह से बदहाल पड़ी है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने मरम्मत के लिए जगह-जगह गड्ढे खोदने के बाद उन्हें अब तक नहीं भरा है। अधूरा छोड़ा गया यह कार्य अब वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। सड़क पर बिछाई गई गिट्टी उखड़कर फैल गई है, जिससे सड़क फिसलन भरी हो गई है और गहरे गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। यह मार्ग मसनगांव को सिराली सहित आसपास के कई गांवों से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन, स्कूली वाहन, किसान, व्यापारी तथा ग्रामीण इस सड़क से आवागमन करते हैं। खराब सड़क के कारण दोपहिया वाहन चालक कई बार संतुलन खो बैठते हैं, जबकि चारपहिया वाहन चालकों को भी गड्ढों से बचते हुए वाहन निकालना पड़ता है। इससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बरसात शुरू होने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है। सड़क के गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई दिखाई नहीं देती। ऐसे में वाहन चालक अनजाने में गड्ढों में उतर जाते हैं, जिससे वाहन असंतुलित हो जाते हैं। सड़क पर फैली गिट्टी के कारण वाहन फिसलने का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीण योगेश पाटिल, बाबूलाल मालवीय, प्रमोद भायरे और गणेश मुकाती ने बताया कि पीडब्ल्यूडी ने सड़क की खुदाई के बाद उसे अधूरा छोड़ दिया। बारिश के दौरान गड्ढों में भरे पानी से गुजरने वाले वाहनों के कारण कीचड़ और पानी के छींटे सड़क किनारे चल रहे लोगों और दुकानों तक पहुंच रहे हैं, जिससे राहगीरों और व्यापारियों को भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शिकायत की जा चुकी है। विभाग के एसडीओ रतनलाल कुमार ने शीघ्र सड़क सुधार का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत कर गड्ढे नहीं भरे गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से बरसात को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर सिराली मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

0 Views

Leave a Reply