अनोखा तीर, मसनगांव। रविवार को 33 केवी लाइन में फाल्ट आने से दोपहर और शाम के समय कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। उमस भरी गर्मी में बिजली नहीं रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों में पंखे और कूलर बंद रहे, पेयजल व्यवस्था प्रभावित हुई तथा छोटे व्यापारियों और किसानों के काम भी बाधित हुए। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली बंद कर दी जाती है और लंबे समय तक आपूर्ति बहाल नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। कांकरिया सब स्टेशन से मसनगांव सहित आसपास के लगभग 12 गांवों में बिजली आपूर्ति होती है। वर्तमान व्यवस्था में यदि किसी एक स्थान पर लाइन में फाल्ट आता है तो पूरे सब स्टेशन की बिजली बंद करनी पड़ती है। इससे सभी गांवों के उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन देकर टाउन फीडर और ग्रामीण फीडरों को अलग-अलग करने की मांग की गई थी, ताकि किसी एक क्षेत्र में फाल्ट होने पर पूरे इलाके की बिजली बंद न करनी पड़े। साथ ही प्रत्येक फीडर को स्वतंत्र रूप से संचालित करने की व्यवस्था करने की भी मांग की गई थी, जिससे बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु हो सके। क्षेत्र के लोगों ने विद्युत वितरण कंपनी से 33 केवी लाइन के नीचे आने वाले सभी पेड़ों की तत्काल छंटाई, जर्जर लाइनों के रखरखाव तथा फीडर पृथक्करण का कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो बारिश के पूरे मौसम में बार-बार बिजली गुल होने की समस्या बनी रहेगी और किसी बड़े हादसे से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
33 केवी लाइन में फाल्ट से 12 गांवों की बिजली घंटों गुल, ग्रामीण परेशान

0 Views




