अनोखा तीर, हरदा। योगिनी एकादशी के पावन अवसर पर प्रताप सिटी कॉलोनी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर ‘हरदा नरेशÓ में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम वातावरण देखने को मिला। सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर जय श्री श्याम और हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा के जयघोष से गूंजता रहा। इस अवसर पर बाबा खाटू श्याम का विशेष श्रृंगार किया गया। पूरे श्याम दरबार को गेंदे के पीले और केसरिया फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। पुष्प सज्जा, विद्युत रोशनी और दिव्य श्रृंगार ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। संध्या समय आयोजित महाआरती में श्रद्धालुओं की विशेष उपस्थिति रही। शंखनाद, घंटियों की मधुर ध्वनि और श्याम भजनों के बीच भक्तिरस का वातावरण बना रहा। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योत के दर्शन किए तथा मंदिर समिति द्वारा प्रसादी का वितरण किया गया। मंदिर के पुजारी पंडित नरेंद्र पुरोहित ने बताया कि आयोजन की तैयारियां कई दिनों पहले से की गई थीं। मंदिर समिति एवं सेवकों ने पूरे आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं। समिति ने सभी सेवकों, दानदाताओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।





