हरदा की जर्जर सड़कों पर विधायक प्रतिनिधि का अल्टीमेटम

-8 दिन में मरम्मत नहीं हुई तो होगा आंदोलन
अनोखा तीर, हरदा। शहर की बदहाल और गड्ढों से भरी सड़कों को लेकर विधायक प्रतिनिधि संजय कमल चंद जैन ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए 8 दिनों के भीतर सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में कार्य शुरू नहीं हुआ तो जन-आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम किया जाएगा। ज्ञापन में बताया गया है कि अस्पताल चौराहा, रेलवे स्टेशन मार्ग, थाना चौक, घंटाघर, बस स्टैंड, मंडी रोड और नेहरू स्टेडियम रोड सहित शहर की अधिकांश सड़कें गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। सावन माह में कांवड़ यात्रा और अंतिम यात्रा निकालने में भी लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संजय जैन ने अपने ज्ञापन में सुप्रीम कोर्ट के सिविल रिट याचिका क्रमांक 295/2012 तथा मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 123 का उल्लेख करते हुए कहा कि नागरिकों को गड्ढा मुक्त सड़क उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम तत्काल सर्वे कर सभी गड्ढों की गुणवत्ता के साथ मरम्मत कराए तथा कार्य पूर्ण होने की सार्वजनिक रिपोर्ट जारी करे।  विधायक प्रतिनिधि ने स्पष्ट किया कि यदि 8 दिनों के भीतर सड़क सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ तो गांधीवादी तरीके से आंदोलन, धरना-प्रदर्शन एवं चक्काजाम किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

0 Views

Leave a Reply