अनोखा तीर, हरदा। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस अंतर्गत शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हरदा से संबद्ध शासकीय विधि महाविद्यालय हरदा में गुरुवार को नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, शासन की विभिन्न छात्रहितैषी योजनाओं तथा विधि शिक्षा की उपयोगिता से परिचित कराना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. देवेंद्र कुमार रोडगे रहे, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.के. बिछोतिया ने की। मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. राजेश पटल्या, संतोष राठौर, आयुषी सिरसोदिया, मनीषा चौहान, बसंत सिंह राजपूत, एस.सी. पटेलिया एवं एन.एन. जोशी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं तुलसीदास के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सहायक प्राध्यापक आयुषी सिरसोदिया ने विद्यार्थियों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न छात्र कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही विधि पाठ्यक्रम की रूपरेखा, अध्ययन प्रणाली तथा भविष्य में उपलब्ध रोजगार एवं करियर की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता डॉ. राजेश पटल्या एवं संतोष राठौर ने हार्टफुलनेस संस्था द्वारा संचालित मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को योग और ध्यान के माध्यम से तनावमुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। बसंत सिंह राजपूत ने कहा कि हरदा जिले में विधि महाविद्यालय की स्थापना विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के संचालन के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप शासन द्वारा लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से नवीन भवन का निर्माण कार्य पूर्णता की ओर है। भवन तैयार होने के बाद विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण विधि शिक्षा उपलब्ध होगी। मुख्य अतिथि डॉ. देवेंद्र कुमार रोडगे ने कहा कि हरदा जिले में विधि महाविद्यालय शुरू होने से अब विद्यार्थियों को कानून की पढ़ाई के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे जिले के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च गुणवत्ता की विधि शिक्षा उपलब्ध होगी। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. बी.के. बिछोतिया ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि शासन एवं बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा स्वीकृत 60 सीटों पर प्रवेश पूर्ण हो चुके हैं तथा आवश्यकता के अनुसार सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने अपना परिचय दिया। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने तिलक लगाकर एवं पेन भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन राजेश दीक्षित ने किया।
विधि महाविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित

0 Views



