-संभाग समन्वयक ने की पहल की सराहना
अनोखा तीर, खिरकिया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक कौशलेश तिवारी ने अपने खिरकिया प्रवास के दौरान ग्राम सारंगपुर में रात्रि विश्राम किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति एवं नवांकु कृष्ण रेखा सामाजिक सेवा संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ ग्राम विकास एवं सामाजिक गतिविधियों पर चर्चा की। प्रवास के दौरान उपसरपंच ऋषि बिश्नोई एवं कृष्ण रेखा सामाजिक सेवा संस्था के संयुक्त प्रयास से संचालित वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ कौशलेश तिवारी ने पौधारोपण कर किया। उन्होंने संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान के अंतर्गत ग्राम सारंगपुर की मुख्य सड़क के दोनों ओर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा, जिससे हरित वातावरण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर संस्था के शुभम राठौर, शुभम गौर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कविता बिश्नोई, परामर्शदाता अपेक्षा दशोरे सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।




