पत्रकार कल्याण परिषद की अनुकरणीय पहल, 12 जुलाई को हरदा में होगा महासंगम

अनोखा तीर, हरदा। पत्रकारिता जगत में पहली बार एक ऐसे महासंगम का आयोजन किया जा रहा है, जहां पत्रकार जगत के हितों की सुध ली जाएगी। आगामी 12 जुलाई को हरदा में द रॉयल पॉम रिज़ॉर्ट एंड गार्डन में पत्रकार कल्याण परिषद द्वारा आयोजित होने वाले एक ऐसे ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने जा रहा है। इसमें परिषद के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष वेदांती त्रिपाठी के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम के सूत्रधार राष्ट्रीय प्रभारी सैयद महमूद अली चिश्ती के सान्निध्य में जिले के दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में कलमकारों का सम्मान होगा। इसके साथ ही पत्रकारों के मेघावी और प्रतिभाशाली बच्चों को भी सम्मानित किया जाएगा। पत्रकार महासंगम की इस बेला में पत्रकार जगत के हितों और सुरक्षा पर चर्चा होगी। इस मौके पर जिले के सम्मानित जन-प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने का मुद्दा उठाया जाएगा। बीते लंबे समय से संपूर्ण देश एवं प्रदेश में पत्रकारों की प्रताड़ना के मामले बढ़ रहे हैं। हमारे आसपास ही कुछ पत्रकार साथियों की हत्या भी हो गई। इसे देखते हुए सभी पत्रकार साथी एक साथ उपस्थित होकर सुरक्षा कानून बनाने की मांग करेंगे। उन्होंने सभी पत्रकार साथियों से इस महासम्मेलन में शरीक होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आव्हान किया है।

0 Views

Leave a Reply