सांझ चौपाल में कलेक्टर ने सुनी जनसमस्याएं

-मौके पर ही 80 प्रतिशत आवेदनों का हुआ निराकरण

अनोखा तीर, हरदा। ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को ग्राम मकड़ाई में ‘सांझ चौपालÓ का आयोजन किया गया। चौपाल में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए। चौपाल में पुलिस अधीक्षक शशांक, वनमंडलाधिकारी ज्योति मुड़िया, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ जोनाथन, सरपंच प्रमिला बाई भुरेलाल, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण इवने, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
51 में से 40 आवेदनों का मौके पर समाधान
चौपाल में राजस्व, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, पेंशन, राशन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 51 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारियों ने इनमें से 40 आवेदनों, यानी लगभग 80 प्रतिशत मामलों का मौके पर ही निराकरण किया। शेष आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि कार्रवाई की जानकारी ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से आवेदकों को उपलब्ध कराई जाएगी।
साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
पुलिस अधीक्षक शशांक ने ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने सड़क सुरक्षा पर भी जोर देते हुए शराब पीकर वाहन नहीं चलाने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की।
बांस मिशन की दी जानकारी
वनमंडलाधिकारी ज्योति मुड़िया ने बांस मिशन योजना की जानकारी देते हुए बताया कि बांस परिवहन के लिए पहले संबंधित वन परिक्षेत्र कार्यालय से अनुमति लेना आवश्यक है। उन्होंने वन्य प्राणियों से जनहानि की स्थिति में मिलने वाली अनुदान राशि की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।
योजनाओं की जानकारी देकर आवेदन भी लिए
चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों से मौके पर ही आवेदन भी प्राप्त किए, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। ग्रामीण गुड्डू कोरकू एवं लक्ष्मण के जाति प्रमाण-पत्र संबंधी आवेदन पर कलेक्टर ने तहसीलदार सिराली को एक सप्ताह में निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम आमाखाल के राजाराम के बंटवारा एवं सीमांकन संबंधी आवेदन पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। गोदावरी बाई के कल्याणी पेंशन आवेदन पर खिरकिया जनपद सीईओ प्रवीण इवने को तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए गए। ग्राम नानी मकड़ाई के ग्रामीणों ने नल-जल योजना के ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत की, जिस पर महाप्रबंधक विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं रामसिंग के आंगनबाड़ी भवन हटाने संबंधी आवेदन पर महिला एवं बाल विकास विभाग को कार्रवाई करने तथा नए भवन का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने साध्वी कुमरे, पुत्री अजय कुमरे, को लाड़ली लक्ष्मी योजना का प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया।
स्वास्थ्य शिविर में हुई जांच, बांटी गई दवाइयां
सांझ चौपाल के साथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरतमंदों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया।

0 Views

Leave a Reply