-तीन शातिर चोर गिरफ्तार, हरदा-रहटगांव की चार चोरी की वारदातों का खुलासा
अनोखा तीर, हरदा। टिमरनी पुलिस ने घरों और दुकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने पूछताछ में टिमरनी थाना क्षेत्र की दो तथा रहटगांव थाना क्षेत्र की दो चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अधीक्षक शंशाक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा एवं एसडीओपी टिमरनी आकांक्षा तलया के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल की तकनीकी सहायता एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए संजय चौहान (22) निवासी अमलाडा, अनुराग चौहान 27 निवासी गाडरापुर और अलीप सिंह 24 निवासी सिवनी मालवा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने ग्राम गोगिया में मकान का ताला तोड़कर नकदी व चांदी के आभूषण चोरी करने तथा छोटी छीपानेर में घर से 12 हजार रुपये चोरी करने की वारदात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों से 5-5 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने रहटगांव थाना क्षेत्र की दो अन्य वारदातों का भी खुलासा किया। इनमें सिरकंबा गांव में एक मकान से 30 हजार रुपये नकद चोरी तथा टेमागांव में एक दुकान से 68 हजार रुपये नकद चोरी करना स्वीकार किया है। इन मामलों में रहटगांव थाना पुलिस द्वारा पहले से अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मुकेश गौड़, उप निरीक्षक प्रकाश सोलंकी, मनोज दुबे, सहायक उप निरीक्षक नानकराम कुशवाह एवं प्रधान आरक्षक योगेश पटेल की सराहनीय भूमिका रही।





