-श्रीगंगानगर गैंगरेप पर ऑटो चालक संघ ने किया प्रदर्शन
अनोखा तीर, हरदा। हरदा में ऑटो चालक संघ ने राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ हुए सामूहिक बलात्कार की घटना पर विरोध जताया है। गुरुवार शाम को संघ ने जिला कलेक्टर के नाम तहसीलदार राजेंद्र पंवार को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, आरोपियों को मृत्युदंड और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई है। संगठन के जिलाध्यक्ष राजेश सोनी ने बताया कि श्रीगंगानगर की घटना में एक ऑटो चालक के शामिल होने से देश के सभी ऑटो चालकों की छवि प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर ऑटो चालक ईमानदारी और जिम्मेदारी से आम लोगों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को परिवहन सेवाएं प्रदान करते हैं। जिलाध्यक्ष श्री सोनी ने घटना को गंभीर बताते हुए मांग की कि इसमें शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए। पुलिस के अनुसार राजस्थान के श्रीगंगानगर में यह घटना तब सामने आई जब 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची अपने घर से बाहर निकली थी। आरोप है कि एक रिक्शा चालक ने उसे बहला-फुसलाकर शहर के चहल चौक स्थित एक होटल के संचालक को सौंप दिया। इसके बाद बच्ची के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 32 लोगों पर बच्ची से बलात्कार का आरोप है। बताया गया है कि होटल मालिकों ने बच्ची को कई लोगों के हवाले किया, जहां उससे प्रतिदिन 6 लोगों द्वारा बलात्कार किया जाता रहा। इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
दोषियों को फांसी देने की मांग

4 Views



