-आज बंद रहेगा हरदा, किसान करेंगे चक्काजाम
अनोखा तीर, हरदा। ग्रीष्मकालीन मूंग की समर्थन मूल्य पर शत-प्रतिशत खरीदी की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ एवं आम किसान यूनियन का विगत छ: दिनों से धरना प्रदर्शन चल रहा है। इसके बावजूद शासन-प्रशासन किसानों की कोई सुध नहीं ले रहा है, जिसको लेकर जिले के किसान अब आंदोलन को उग्र रूप देने की तैयारी कर रहे हैं। आज जिला व्यापारी संघ एवं ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन द्वारा किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए शुक्रवार को दोपहर 1 बजे तक हरदा बंद करने का निर्णय लिया गया है। वहीं कृषि उपज मंडी में भी हम्मालों और व्यापारियों के समर्थन में मंडी में नीलामी कार्य बंद रहेगा। वहीं आम किसान यूनियन ने जिले की चारों दिशाओं की प्रवेश सीमाओं पर चक्काजाम करने की घोषणा की है। किसानों की मुख्य मांग है कि ग्रीष्मकालीन मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी समर्थन मूल्य पर की जाए। किसानों का आरोप है कि सरकार प्रति एकड़ केवल 1 क्विंटल 20 किलो मूंग खरीदने की सीमा तय कर रही है, जबकि खरीदी प्रति हेक्टेयर 12 क्विंटल के हिसाब से होनी चाहिए। कृषि उपज मंडी में चल रहे आंदोलन के दौरान किसान लगातार अलग-अलग तरीकों से विरोध जता रहे हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
मूंग खरीदी की लिमिट बढ़ाने किसान अढ़े

9 Views



