-अनुपस्थित शिक्षकों पर होगी कार्रवाई
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने महाविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की समीक्षा करते हुए शासन एवं जनभागीदारी समिति द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों की उपयोगिता, रोजगारपरकता तथा भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख, कौशल आधारित एवं तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों की गोपनीय चरित्रावली का नियमित संधारण किया जाए तथा उनकी कार्यक्षमता, अनुशासन एवं उपस्थिति का समुचित मूल्यांकन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी एवं शिक्षक निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं रहते हैं अथवा अनुशासनहीनता प्रदर्शित करते हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, जिससे महाविद्यालय में जवाबदेही एवं कार्य संस्कृति मजबूत हो सके। कलेक्टर ने बुधवार को श्री भाऊ साहब भुस्कुटे शासकीय महाविद्यालय, टिमरनी की जनभागीदारी समिति की बैठक में जनभागीदारी समिति से संचालित पाठ्यक्रमों में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए। बैठक में समिति के सदस्य अरुण तिवारी, शीतल जैन, अतुल बारंगे, हिमांशु बंसल, मुकेश शांडिल, मुकेश तिवारी, प्राचार्य कन्या माध्यमिक शाला, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे.के. जैन तथा जनभागीदारी समिति प्रभारी डॉ. अरुण कुमार सिकरवार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का प्रारंभ जनभागीदारी समिति प्रभारी द्वारा समिति अध्यक्ष एवं कलेक्टर सिद्धार्थ जैन तथा सभी सदस्यों के स्वागत एवं परिचय के साथ हुआ। बैठक में सत्र 2026-27 का आय-व्यय विवरण एवं बजट प्रस्तुत किया गया, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। बैठक में महाविद्यालय के खेल मैदान के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) से संबंधित नए पाठ्यक्रम शुरू करने तथा वर्तमान रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने का आह्वान किया गया। समिति ने कहा कि जिन पाठ्यक्रमों में पर्याप्त छात्र संख्या नहीं होगी, उनके संचालन पर पुनर्विचार किया जाएगा। बैठक में महाविद्यालय के समग्र विकास, रोजगारोन्मुख शिक्षा, नवाचार आधारित पाठ्यक्रमों के विस्तार तथा विद्यार्थियों के हित में विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर सहमति व्यक्त की गई।





