डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर माय भारत हरदा ने आयोजित की संगोष्ठी

अनोखा तीर, हरदा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत के स्वयंसेवकों द्वारा ग्राम ताजपुरा के शासकीय हाई स्कूल परिसर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। माय भारत की जिला युवा अधिकारी श्रद्धा मित्तल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत ताजपुरा के सरपंच नवीन मौर्य ने कहा कि शिक्षाविद्, चिंतक और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती प्रतिवर्ष 6 जुलाई को मनाई जाती है। उन्होंने स्वयंसेवकों को राष्ट्रहित में उनके योगदान की जानकारी दी। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम टिमरनी के दीपक गौर ने अपने संबोधन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, राष्ट्रसेवा और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है। विद्यालय के प्राचार्य दिनेश शकवाल ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान, राष्ट्रवाद और एकता के विचारों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाकर देशहित में कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ समाजसेवी राहुल जाट ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया तथा सभी को माय भारत हरदा की टी-शर्ट वितरित की गई। कार्यक्रम में माय भारत हरदा के मयंक शर्मा, राकेश पिपलोदे, राहुल जाट, मनोज जाट सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply