अनोखा तीर, खिरकिया। सियॉन रे इंटरनेशनल स्कूल में डॉक्टर्स डे सप्ताह के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में डॉक्टरों के योगदान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था। प्रतियोगिता के अंतर्गत कक्षा पहली एवं दूसरी के विद्यार्थियों ने ड्राइंग प्रतियोगिता में भाग लेकर चित्रों के माध्यम से डॉक्टरों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। कक्षा तीसरी, चौथी एवं पांचवीं के विद्यार्थियों ने फर्स्ट एड किट का प्रदर्शन कर उसके महत्व और उपयोगिता की जानकारी दी। वहीं कक्षा छठी से नौवीं तक के विद्यार्थियों ने हमारे समाज में डॉक्टर की भूमिका विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। सभी प्रतियोगिताओं में प्रत्येक कक्षा से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साह, आत्मविश्वास और रचनात्मकता के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय संचालक जय सिंह राजपूत ने कहा कि डॉक्टर केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि मानवता की सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण भी प्रस्तुत करते हैं। प्राचार्य अमित कुमार भार्गव ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बचों के ज्ञान, रचनात्मक सोच और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सहयोग रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई।
डॉक्टर्स डे सप्ताह पर विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

0 Views




