अनोखा तीर, हरदा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने किसानों से मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी की मांग को लेकर कलेक्टर को प्रधानमंत्री एवं राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों की मूंग फसल का एक-एक दाना खरीदने का आश्वासन दिया था, जबकि वर्तमान में प्रदेश सरकार द्वारा मूंग खरीदी के लिए 1.20 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से ही स्लॉट बुकिंग की जा रही है, जो किसानों के साथ अन्याय है। ज्ञापन में मांग की गई कि सरकार शीघ्र ही पोर्टल पर 100 प्रतिशत मूंग खरीदी के लिए स्लॉट बुकिंग प्रारंभ करे। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जिले में किसानों से मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी नहीं की गई तो किसानों के हित में उग्र आंदोलन किया जाएगा तथा उनके अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। मोहन सांई ने कहा कि मध्यप्रदेश मंडी अधिनियम की धारा 36 की कंडिका-03 का उल्लेख करते हुए कांग्रेस का कहना है कि वर्तमान में हरदा जिले में केवल 1 क्विंटल 20 किलो प्रति एकड़ के मान से स्लॉट बुकिंग की जा रही है, जो किसानों के उत्पादन की तुलना में बेहद कम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही थी, लेकिन किसानों की आय बढ़ने के बजाय खेती की लागत कई गुना बढ़ गई है। कांग्रेस ने पूर्व की तरह प्रति एकड़ 5 क्विंटल मूंग खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन में किसानों को यूरिया एवं डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने, खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा पट्टाधारी एवं अन्य किसानों को बिना परेशानी खाद उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। साथ ही अत्यधिक बारिश एवं नदी-नालों की बाढ़ से खराब हुई फसलों का तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को राहत राशि प्रदान करने की मांग की गई। मोहन सांई ने कलेक्टर से किसानों की मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी सुनिश्चित कराने तथा खरीफ फसल के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने का आग्रह किया। ज्ञापन सौंपने के दौरान क्षेत्रीय विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय सलाहकार हेमंत टाले, पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पंवार, जिला संगठन महासचिव गोविंद सुरमा, किसान कांग्रेस प्रदेश महामंत्री रविशंकर शर्मा, जिला महामंत्री सूरज सिंह राजपूत, इकबाल अहमद, विक्रम चौहान, विजय सुरमा, रामदास तोमर, जयनारायण सारण, गेंदलाल खेरवा, जिला उपाध्यक्ष भागीरथ पटेल, गौरीशंकर शर्मा, राहुल पटेल, गणेश पटेल, राजेश अग्रवाल, सुभाष जायसवाल, महेंद्र सिंह मौर्य, शशिकांत वर्मा, यूसुफ गौरी, उमेश जानी, दिनेश गुर्जर, इंदल सिंह राजपूत, सत्यनारायण राजपूत, हरिसिंह सुरमा, भगतराम सारण, कमल सिंह राजपूत, धर्मेंद्र चौहान, सिद्धार्थ पटेल, योगानंद राजपूत, नितिन जोशी, राकेश सुरमा, संजय कापड़िया, शिव कापड़िया, हरीश गुप्ता, हरिशंकर पंवार, प्रमोद तिवारी, दिनेश दूगाया, सुनील कांवा, वीरेंद्र विश्नोई, सतीष खोड़, शरद पटेल, भूपेश बावल, हरिओम पंवार, हर्षित सारण, केशव खोखर, जावेद पटेल, मदन गौर, संदीप गौर, रमेश सोनकर सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
किसानों से 100 प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

0 Views



