घोंघई नदी की बाढ़ से तबाह खेतों का प्रशासन ने लिया संज्ञान

 घोंघई नदी की बाढ़ से रेत-बजरी से पटे खेतों का किसानों की मौजूदगी में पटवारी रुचि जैन द्वारा निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया  
अनोखा तीर, सिराली। शुक्रवार को हुई मुसलाधार बारिश से उफान पर आई घोंघई नदी ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। बाढ़ का पानी खेतों में घुसने से बड़ी मात्रा में रेत और बजरी जमा हो गई, जिससे उपजाऊ खेत नदी के पाट जैसे दिखाई देने लगे। कई किसानों की फसलें पूरी तरह नष्ट हो गईं और खेती योग्य भूमि भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई। इस गंभीर समस्या को लेकर दैनिक अनोखा तीर समाचार पत्र ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर किसानों की पीड़ा और भारी नुकसान को प्रशासन तक पहुंचाया। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। सोमवार को सिराली तहसीलदार विजय साहू ने मामले का संज्ञान लेते हुए पटवारी रुचि जैन को प्रभावित क्षेत्र में भेजा। पटवारी ने किसानों की मौजूदगी में प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया तथा मौके पर ही पंचनामा तैयार कर नुकसान का विवरण दर्ज किया। तैयार पंचनामा तहसीलदार को प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई और राहत प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का शीघ्र सर्वे कराकर शासन के प्रावधानों के अनुसार उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि वे दोबारा खेती कर सकें। किसानों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी समस्या का शीघ्र समाधान करेगा।

0 Views

Leave a Reply