गौवंशों की मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

-हिंदू संगठनों का प्रदर्शन

अनोखा तीर, हरदा। जिले के छिदगांव मेल में पांच गौवंशों की ट्रेन से कटकर हुई मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से संत समाज, विभिन्न हिंदू संगठनों एवं सर्व समाज के लोगों में आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि गौवंशों को एक आश्रम से चोरी कर रेलवे ट्रैक पर बांधा गया था, जिसके चलते ट्रेन की चपेट में आने से पांच गायों की दर्दनाक मौत हो गई। उनका कहना है कि घटना को तीन माह बीत जाने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। संत समाज की ओर से महेंद्रसिंह आनंद दास महाराज ने कहा कि यदि आगामी 20 दिनों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। मामले में पुलिस अधीक्षक शशांक ने बताया कि संत समाज एवं सर्व समाज के लोगों ने ज्ञापन सौंपा है। पुलिस द्वारा सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कलेक्टर कार्यालय के बाहर भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा तथा प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

0 Views

Leave a Reply