अनोखा तीर, हरदा। जिले की टिमरनी तहसील के ग्राम चौकड़ी, खरतलाय, अठलावदा एवं पोखरनी के किसानों और ग्रामीणों ने प्रस्तावित 7.5 टीपीडी क्षमता के सीएनजी प्लांट का विरोध करते हुए सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने प्लांट निर्माण की अनुमति निरस्त करने की मांग करते हुए कहा कि इससे पर्यावरण, कृषि भूमि और भूजल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित प्लांट के लिए बड़े पैमाने पर नेपियर घास की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की उपजाऊ कृषि भूमि प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा प्लांट में अधिक पानी की खपत होने से भूजल स्तर गिरने, भारी वाहनों की आवाजाही से ग्रामीण सड़कों के क्षतिग्रस्त होने तथा वायु, ध्वनि और दुर्गंध प्रदूषण बढ़ने की आशंका भी जताई गई है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि ग्राम पंचायत एवं ग्राम सभा से इस संबंध में विधिवत अनुमति नहीं ली गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित प्लांट की अनुमति निरस्त करने की मांग की। ग्रामीण प्रतिनिधि चन्दरगोपाल गुर्जर ने बताया कि ग्राम पंचायत से बिना अनुमति लिए प्लांट की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है, जिसका चारों गांवों के लोग विरोध कर रहे हैं। वहीं ग्रामीण राजेश ने कहा कि प्लांट लगने से खेती, पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ेगा। यदि प्रशासन ने उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
सीबीजी-सीएनजी प्लांट के विरोध में ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

0 Views



