टेमागांव में झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग, ग्रामीणों ने जताई चिंता

अनोखा तीर, हरदा। रहटगांव क्षेत्र के टेमागांव में बिना मान्यता एवं बिना मेडिकल डिग्री के कथित चिकित्सकों द्वारा उपचार किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ऐसे लोग खुलेआम मरीजों का इलाज कर रहे हैं तथा इंजेक्शन लगाने, ग्लूकोज चढ़ाने और दवाइयां देने जैसे चिकित्सकीय कार्य भी कर रहे हैं, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी के कारण ऐसे कथित झोलाछाप चिकित्सकों के हौसले बुलंद हैं। आरोप है कि गंभीर मरीजों का भी बिना आवश्यक जांच और विशेषज्ञता के उपचार किया जा रहा है, जिससे कभी भी गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर एवं जागरूकता की कमी का लाभ उठाकर ग्रामीणों से मनमानी फीस भी वसूली जा रही है। क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि टेमागांव में संचालित ऐसे क्लीनिकों की जांच कराई जाए तथा यदि बिना वैधानिक योग्यता के चिकित्सा कार्य किए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

0 Views

Leave a Reply