अनोखा तीर, हरदा। सोमवार को सैकड़ों आशा एवं आशा संगिनी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार बी.डी. तमखाने को ज्ञापन सौंपकर लंबित मानदेय एवं अन्य बकाया भुगतान शीघ्र जारी करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी कर सरकार के प्रति नाराजगी भी जताई। कार्यकर्ताओं ने बताया कि उन्हें पिछले तीन माह से मानदेय का भुगतान नहीं मिला है। इसके अलावा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि एवं अन्य बकाया भुगतान भी लंबित हैं, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 1 अप्रैल 2026 से मानदेय बढ़ाने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि बढ़े हुए मानदेय का लाभ तत्काल प्रभाव से दिया जाए तथा लंबित राशि का भुगतान भी शीघ्र किया जाए।
दो हजार रुपए के मानदेय में हो रही परेशानी
कार्यकर्ताओं ने बताया कि वर्तमान में उन्हें मात्र दो हजार रुपए मासिक मानदेय मिलता है। ऐसे में कई महीनों तक भुगतान नहीं होने से परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है। उनका कहना है कि समय पर भुगतान नहीं मिलने से आर्थिक संकट लगातार गहराता जा रहा है। आशा एवं आशा संगिनी कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसके बावजूद समय पर मानदेय नहीं मिलने से उनका मनोबल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सीएचसी प्रभारी एवं जिला प्रशासन से लंबित भुगतान शीघ्र जारी कराने की मांग की, ताकि वे बिना आर्थिक दबाव के अपनी सेवाएं जारी रख सकें।
आशा कार्यकर्ताओं ने लंबित मानदेय की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

0 Views



