-कई गांवों में फूंका सरकार का पुतला
अनोखा तीर, हरदा। ग्रीष्मकालीन मूंग की खरीदी की मात्रा बढ़ाने, पिछले वर्ष की सोयाबीन बीमा राशि का भुगतान कराने तथा उर्वरक वितरण की वर्तमान व्यवस्था को बंद करने की मांग को लेकर आम किसान यूनियन ने रविवार को दूसरे दिन भी कई गांवों में मध्यप्रदेश सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि 2 जुलाई को मुख्यमंत्री के नाम अपनी विभिन्न मांगों का ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा गया था। उस दौरान मांगें पूरी नहीं होने पर गांव-गांव विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी गई थी। यूनियन का कहना है कि यदि शीघ्र ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी दिनों में जिले के प्रत्येक गांव में सरकार का पुतला दहन किया जाएगा। इसके बाद जिला स्तर पर कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर घेर डालो-डेरा डालो आंदोलन भी किया जाएगा। रविवार को ग्राम भोनखेड़ी, सोनखेड़ी, नांदरा, गोयत सहित अन्य गांवों में किसानों ने सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।





