-भाकिसं का धरना दूसरे दिन भी जारी, हनुमान चालीसा व सद्बुद्धि यज्ञ किया
अनोखा तीर, हरदा। भारतीय किसान संघ जिला हरदा के तत्वावधान में शत-प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग को लेकर चल रहे अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन का रविवार को दूसरे दिन भी क्रम जारी रहा। दूसरे दिन हरदा तहसील इकाई के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विभिन्न समाजों के जिलाध्यक्ष धरना स्थल पर पहुंचे और किसान संघ को अपना समर्थन दिया। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के पदाधिकारी भी रैली के रूप में धरना स्थल पहुंचे और किसानों के समर्थन में शामिल हुए। पदाधिकारियों ने राज्य सरकार की किसान विरोधी नीतियों का विरोध करते हुए कहा कि सरकार को मूंग उत्पादन की जानकारी होने के बावजूद खरीदी की मात्रा सीमित रखना किसानों के साथ अन्याय है। उन्होंने सरकार से समय रहते शत-प्रतिशत मूंग खरीदी का निर्णय लेने की मांग की। धरना स्थल पर उपस्थित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने भी सरकार से मूंग खरीदी की मात्रा बढ़ाने की मांग करते हुए किसानों के हित में शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया। धरने के दौरान भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने राज्य शासन की सद्बुद्धि के लिए हनुमान चालीसा का पाठ एवं सद्बुद्धि यज्ञ किया तथा किसानों के हित में सकारात्मक निर्णय की प्रार्थना की। इस अवसर पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के जिलाध्यक्ष कमल सोनी, कुर्मी क्षत्रिय गौर समाज के जिलाध्यक्ष नर्मदा प्रसाद गौर, राजपूत समाज के प्रांतीय सचिव अजब सिंह राजपूत, सोनी समाज के अध्यक्ष मदनलाल सोनी, नार्मदीय समाज के अध्यक्ष अशोक पा, गुर्जर समाज के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर दुगाया, बलाही समाज के प्रांतीय सचिव रामकृष्ण बुनकर, सिख समाज की अध्यक्ष सुरेंदर कौर, भारतीय किसान संघ के प्रदेश मंत्री योगेंद्र भांभू, संभाग सदस्य बृजमोहन राठौर, रामकृष्ण मुकाती, हरिशंकर सारण, बालकृष्ण मलगाए, राजेंद्र बांके, हरदा तहसील अध्यक्ष अरुण पटवारे, बालकदास छापरे, शिवदान सिंह राजपूत, विनय यादव, नारायण मालवीय, मुकेश दुगाया सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसी क्रम में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत जिला हरदा इकाई ने कृषि उपज मंडी परिसर में रैली निकालकर किसानों के समर्थन में समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किसानों की शत-प्रतिशत उपज खरीदे जाने की मांग की। ग्राहक पंचायत एवं भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।





