-लंदन के रॉयल कॉलेज ऑफ सर्जन्स की एमआरसीएस उपाधि प्राप्त
अनोखा तीर, हरदा। शहर की होनहार बेटी डॉ. सौम्या काशिव ने चिकित्सा जगत में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 4 जुलाई को एमआरसीएस की प्रतिष्ठित उपाधि प्राप्त की है। यह उपाधि विश्वभर में जनरल सर्जरी के क्षेत्र में उच्च स्तर की दक्षता एवं विशेषज्ञता का प्रतीक मानी जाती है। डॉ. सौम्या ने अपनी स्कूली शिक्षा हरदा में प्राप्त की तथा बचपन से ही मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं। उन्होंने गांधी मेडिकल कॉलेज, भोपाल से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद जनरल सर्जरी में उच्च प्रशिक्षण प्राप्त किया। वर्तमान में वे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश में एम.सीएच. (पीडियाट्रिक सर्जरी) की सुपर स्पेशियलिटी कर रही हैं। डॉ. सौम्या की इस उपलब्धि से हरदा सहित पूरे मध्यप्रदेश में हर्ष का वातावरण है। उनकी सफलता चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता, समर्पण और कठिन परिश्रम का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, मित्रों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस अवसर पर उनके भाई डॉ. प्रांजल काशिव, जो एक प्रतिष्ठित नेफ्रोलॉजिस्ट हैं तथा भाभी डॉ. अपूर्वा दवे काशिव, जो स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट) हैं, ने उन्हें इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि डॉ. सौम्या ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से न केवल परिवार, बल्कि हरदा जिले और प्रदेश का भी गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. सौम्या भविष्य में भी चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेंगी। डॉ. सौम्या काशिव की यह उपलब्धि हरदा के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, सतत परिश्रम एवं उत्कृष्टता के प्रति समर्पण से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई जा सकती है।





